.पर हो सके तो मेरे युवराज को अर्जुन बना दो
नई दिल्ली. बीसीसीआई और केंद्रीय खेल मंत्रालय के बीच संवादहीनता के कारण इस वर्ष किसी क्रिकेटर को अर्जुन पुरस्कार नहीं मिल पाएगा लेकिन भारतीय वनडे उपकप्तान विराट कोहली का मानना है कि युवराज सिंह को इस बार यह पुरस्कार मिलना चाहिए था।
विराट से पिछले दो वर्षो में उनकी जबर्दस्त फार्म और अर्जुन पुरस्कार के लिए दावेदारी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा मैं कभी भी रैंकिंग या अवार्ड के लिए नहीं खेलता। मैं यह भी नहीं जानता कि इन पुरस्कारों के लिए क्या हुआ था। मैं अपने करियर से पूरी तरह संतुष्ट हूं।
विराट ने लेकिन साथ ही कहा मेरा मानना है कि युवराज को यह पुरस्कार मिलना चाहिए था। वह इसके सच्चे हकदार है। उन्होंने कहा मेरी युवराज से बराबर बात होती रहती है और सभी देशवासियों की तरह मेरी भी प्रार्थना है कि वह जल्द से जल्द मैदान में लौटें। उल्लेखनीय है कि युवराज गत वर्ष भारत की 28 वर्ष बाद विश्व कप जीत में मैन ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे।