अन्ना ने जनरल को टीम में शामिल होने का दिया न्यौता, अनशन में पुलिस का अड़ंगा

नई दिल्ली. समाजसेवी अन्ना हजारे ने आर्मी चीफ जनरल वीके सिंह को अपनी टीम में शामिल होने का न्यौता दिया है जबकि दिल्ली पुलिस ने रामदेव और अन्ना हजारे को तीन जून को प्रस्तावित अनशन की इजाजत देने से इनकार किया है।
पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर लोगों की भारी भीड़ जुटने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। आयोजकों से कहा गया है कि रामदेव और हजारे को एक साथ मंच पर आने से अनशन स्थल पर 5000 से अधिक लोग जुट सकते हैं लेकिन वहां इतने लोगों के लिए जगह नहीं है।
इससे पहले, अन्ना हजारे ने सेना प्रमुख वीके सिंह को रिटायरमेंट के बाद अपनी टीम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे अन्ना इस वक्त महाराष्ट्र में मजबूत लोकायुक्त कानून के लिए दौरा कर रहे हैं। अन्ना ने महाराष्ट्र के चंद्रपुर में कहा, निजी तौर पर मैं किसी भी व्यक्ति से भ्रष्टाचार के विरुद्ध हमारे आंदोलन में शामिल होने के लिए नहीं कहता। मगर जब मैं सेना में था तो हमने (अन्ना और वीके सिंह ने) दो युद्ध साथ लड़े हैं। अब हमें हमारे बीच शामिल दुश्मनों से लडऩा है। हमें हमारी टीम में अपनी जैसी सोच वाले लोग चाहिए। यदि जनरल वीके सिंह की रुचि हो तो वह हमारे साथ आ सकते हैं। यह उनका निर्णय होगा।
महाराष्ट्र का ३५ दिवसीय अन्ना का दौरा पांच जून को खत्म होगा। अन्ना 2014 के लोक सभा चुनावों के पहले अपने अभियान को तेज करना चाहते हैं। वह तीन जून को जंतर-मंतर में योग गुरू रामदेव के आंदोलन में शामिल होंगे।