ममता ने किया गठबंधन की मर्यादा का उल्लंघन: कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस ने ममता द्वारा राष्ट्रपति पद के लिए अपने नाम सुझाने को गठबंधन की मर्यादा का उल्लंघन करार दिया है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने गुरुवार को कहा कि यदि कांग्रेस राष्ट्रपति पद के लिए अपने नामों का खुलासा करती तो वह केवल एक नाम ही सुझाती, दो या तीन नहीं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी गठबंधन सरकार में शामिल हैं। लेकिन उन्होंने सरकार में किसी तरह की राय किए बिना ही अपने द्वारा सुझाए नामों की घोषणा की जो गठबंधन की मर्यादा के पूरी तरह से खिलाफ है।
जनार्दन द्विवेदी ने कहा कि ममता बनर्जी ने जिन तीन नामों का खुलासा किया है कांग्रेस और उनके सहयोगी दल इस पर राजी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ममता और सोनिया की बैठक में प्रणब और हामिद अंसारी का नाम सामने आया था। लेकिन ममता बनर्जी ने अलग ही नामों का खुलासा किया है। उन्होंने साफ किया कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ही आगामी आम चुनावों में कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के दावेदार होंगे।