
कागारौल/आगरा। 15 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली आर्मी डे परेड के लिए जनपद की होनहार बेटी ओमांशी दुबे का चयन किया गया है। इस वर्ष आर्मी डे परेड की मेज़बानी राजस्थान को मिली है और यह गौरवशाली आयोजन राजधानी जयपुर में संपन्न होगा। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में कस्बा कागारौल निवासी ओमांशी दुबे मार्च पास्ट कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
ओमांशी दुबे कृभको फर्टिलाइज़र शाहजहाँपुर में सहायक महाप्रबंधक पद पर कार्यरत पंकज दुबे एवं समाजसेविका रेखा शर्मा की सुपुत्री हैं। बचपन से ही मेहनती, अनुशासित और उत्साह से भरे व्यक्तित्व की धनी ओमांशी स्कूल स्तर की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करती रही हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में ओमांशी ने नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित प्रतिष्ठित आरडीसी (रिपब्लिक डे कैंप) में भी भाग लिया था, जहां उन्होंने यूफोनियम बजाते हुए मार्च पास्ट किया था। इस वर्ष आर्मी डे परेड 2026 में ओमांशी सौजाफोन बजाकर पिलानी बैंड का हिस्सा बनेंगी, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
वर्तमान में ओमांशी दुबे राजस्थान के झुंझुनूं जिले स्थित बिड़ला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में कक्षा 10 की छात्रा हैं और एनसीसी कैडेट के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। बिड़ला बालिका विद्यापीठ का बैंड प्रतिवर्ष कर्तव्य पथ एवं आर्मी डे परेड जैसे राष्ट्रीय आयोजनों में प्रतिभाग करता है। पूरे एक वर्ष की कड़ी मेहनत, अनुशासन और चयन प्रक्रिया के बाद ओमांशी को इस प्रतिष्ठित परेड के लिए चुना गया है।
ओमांशी का सपना है कि वे आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनें और देश सेवा करते हुए अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय, कस्बे एवं जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।