गोरखपुर। अंबेडकर चौक पर आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस कथित पोस्ट के खिलाफ था जिसमें बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर को अर्धनारीश्वर के रूप में दिखाया गया है।
यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। विरोध में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और समाजवादी पार्टी से माफी की मांग की।
धरना प्रदर्शन में गोरखपुर सदर से भाजपा सांसद रवि किशन भी शामिल हुए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “जब तक अखिलेश जी और उनकी पार्टी माफ़ी नहीं मांगती, तब तक भारतीय जनता पार्टी यह विरोध जारी रखेगी। बाबा साहब का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
धरने में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के सदस्य शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान नारेबाज़ी भी की गई और प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।