अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी ने रामलला के चरणों में नवाया शीश, हनुमानगढ़ी में की पूजा
अयोध्या, 21 मार्च: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी पहुंचे और अपने दौरे की शुरुआत संकटमोचन हनुमान के दरबार में हाजिरी लगाकर की। उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश की समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला के चरणों में शीश नवाया और भव्य मंदिर निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
इससे पहले, मुख्यमंत्री तुलसीपुर में मां पाटेश्वरी के दर्शन के उपरांत अयोध्या पहुंचे, जहां रामकथा पार्क स्थित हैलीपेड पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। यहां से वे सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे और भगवान हनुमान के दर्शन किए। दर्शन के बाद उन्होंने आमजन का अभिवादन स्वीकार किया और संतों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री योगी ने गद्दीनशीन महंत प्रेमदास महाराज से भेंट की और उनसे प्रदेश में धार्मिक व सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने अन्य संतों से भी मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
हनुमानगढ़ी से निकलने के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन किया और मंदिर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र ने उन्हें निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने मंदिर निर्माण की गति और गुणवत्ता की सराहना करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर योगी सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राकेश सचान, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।