केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के पाकिस्तान के साथ ‘मधुर संबंध’ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आजादी के बाद से रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार में शामिल रही है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता ने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस) भारत में रहते हुए पाकिस्तान की प्रशंसा करने के लिए मजबूर क्यों महसूस करते हैं? एक विशेष वोट बैंक को खुश करने के लिए भारतीय चुनाव के दौरान पाकिस्तान की प्रशंसा करना किस तरह की घृणित राजनीति है?”

ठाकुर ने आरोप लगाया कि विभाजन के 75 साल बाद भी ‘कांग्रेस के तार अब भी पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं’ और उन्होंने नियंत्रण रेखा के पार जाकर 2016 में किए गए ‘लक्षित हमले’ के सबूत मांगने के लिए पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा, कांग्रेस के बार-बार पाकिस्तान के साथ मधुर संबंध क्यों सामने आते हैं? हमीरपुर लोकसभा सीट से पांचवीं बार लोकसभा पहुंचने के लिए प्रयासरत केंद्रीय मंत्री ने अतीत के रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार के विभिन्न उदाहरणों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि आजादी के बाद से कांग्रेस का एजेंडा हमेशा देश के पैसे से अपनी जेबें भरने का रहा है।