भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में पानी संकट को लेकर सियासत जारी, BJP महिला मोर्चा ने आतिशी के घर के बाहर किया जमकर प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपने कंधों पर मिट्टी के बर्तन और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी भी की। बाद में महिलाओं ने वहां मिट्टी के बर्तन भी फोड़े।

प्रदर्शनकारियों में से एक ने बयान में कहा कि शहर में पानी के संकट ने कई महिलाओं को पेयजल के लिए 52 डिग्री सेल्सियस तापमान पर भी अपने घरों से बाहर निकलने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली के लोगों को मुफ्त स्वच्छ पानी देने का वादा किया था, लेकिन ”आज स्वच्छ पानी तो छोड़िए, पीने योग्य पानी भी समय पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है”। महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार को सोचना चाहिए कि इस गर्मी में पानी को लेकर उन्होंने क्या इंतजाम किए हैं।”