
उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग में पांच वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। 29 मई 2025 को जारी आदेश के अनुसार गोरखपुर रेंज के डीआईजी आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को उनके पद से हटाकर पुलिस उपमहानिरीक्षक, तकनीकी सेवाएं, मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है। उनकी जगह एस. चिनप्पा को गोरखपुर रेंज का नया डीआईजी नियुक्त किया गया है। चिनप्पा वर्तमान में गौतमबुद्धनगर में अपर पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था के पद पर तैनात थे।
बस्ती रेंज के डीआईजी दिनेश कुमार पी. को केंद्रीय प्रतिनिधि के लिए कार्यमुक्त किया गया है। उनकी जगह संजीव त्यागी को पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती रेंज बनाया गया है। त्यागी वर्तमान में कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, लखनऊ में डीआईजी के पद पर तैनात थे।
शिवरी मीना को तकनीकी सेवाएं, मुख्यालय, लखनऊ से स्थानांतरित कर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी नियुक्त किया गया है। शासन ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें और इसकी सूचना सरकार को दें।