सरयू नदी में मछुआरे को मिली शिव की प्राचीन मूर्ति, चोरी की आशंका में जांच शुरू

गोसाईंगंज। (अमरजीत सिंह )अयोध्या के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के पौसरा गांव में सरयू नदी से एक मछुआरे को भगवान शिव की पीली धातु (पीतल) की मूर्ति मिली है। मूर्ति का वजन लगभग 14 किलोग्राम, ऊंचाई 23 इंच और चौड़ाई 14 इंच बताई जा रही है।

शुक्रवार सुबह 11 बजे मछुआरा राजकिशोर पुत्र मेवालाल जब मछली पकड़ने के लिए नदी में जाल डाल रहा था, तब यह मूर्ति उसमें फंस गई। पहले लगा कि जाल में ज्यादा मछलियां आ गई हैं, लेकिन जब निकाला गया तो उसमें भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा थी।

मछुआरे ने इसकी सूचना अपने चचेरे भाई बिरजू और ग्राम प्रधान को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मूर्ति को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

थानाध्यक्ष विजयंत मिश्रा ने बताया कि मूर्ति को पुरातत्व विभाग भेजा जाएगा ताकि उसकी प्राचीनता और वास्तविकता की जांच हो सके। साथ ही आसपास के जिलों में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं से यह मूर्ति चोरी तो नहीं हुई है।

पुलिस का मानना है कि कई बार अपराधी चोरी की गई मूर्तियों को छिपाने के लिए नदी में फेंक देते हैं, इसलिए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।