
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से जुड़े कर्मचारियों का आक्रोश सड़कों पर खुलकर सामने आ गया। करीब 200 से अधिक कर्मियों ने 1076 हाय-हाय के नारे लगाते हुए अचानक प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच करने लगे। मॉर्निंग शिफ्ट के कर्मचारी लोहिया पथ के रास्ते तेजी से आगे बढ़े, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई बार प्रयास किए, लेकिन शुरुआती कोशिशें नाकाम रहीं।
लोहिया पार्क तक पहुंचने के दौरान पुलिस ने चार बार उन्हें रोकने की कोशिश की, मगर कर्मचारी आगे बढ़ते रहे। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए मौके पर पुलिस बल बढ़ाया गया। जिसके बाद संगीत नाटक अकादमी के पास बैरिकेडिंग कर रास्ता रोका गया, लेकिन यहां भी कर्मचारी नहीं माने। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क किनारे हटाना शुरू किया, जिससे हल्की झड़प की स्थिति बन गई।
क्या है कर्मचारियों का आरोप
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर गंभीर शोषण के आरोप लगाए। एक कर्मचारी ने भावुक होकर बताया कि ऑफिस में प्रवेश से पहले मोबाइल फोन जमा करा लिया जाता है और तय वेतन के बजाय बहुत कम भुगतान किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि दो-दो महीने तक सैलरी रोकी जा रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
बातचीत के बाद मामला शांत
करीब एक घंटे तक चली बातचीत के बाद हालात में सुधार आया। पुलिस और संबंधित कंपनी के अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाकर शांत कराया। कर्मचारियों की ओर से पांच प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए भेजा गया, जबकि अन्य सभी कर्मियों को उनके कार्यस्थल गोमतीनगर स्थित साइबर टॉवर वापस भेज दिया गया है।