10वें आर्म्ड फोर्स वेटरन्स डे पर सम्मानित हुए भूतपूर्व सैनिक और वीर नारियां

बहराइच। दसवें आर्म्ड फोर्स वेटरन्स डे के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद की वीर नारियों, वीरता एवं विशिष्ट पदक विजेताओं, भूतपूर्व सैनिकों और दिवंगत सैनिकों की पत्नियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिकों और उनके परिजनों के बलिदान, त्याग और देश सेवा के कारण ही आज देश सुरक्षित और विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सैनिकों और उनके परिवारों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी (अवकाश प्राप्त) कर्नल महेश चन्द्र ध्यानी के साथ मिलकर ब्रिगेडियर टी.पी. शुक्ला, विशिष्ट सेवा मेडल के पुत्र, इण्डो-चाइना युद्ध में शहीद स्व. अंग्रेज सिंह के परिवार को सर्टिफिकेट, शाल और स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इसके साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध के दिवंगत सैनिक की पत्नी तथा तीन नान पेंशनर पूर्व सैनिकों को कंबल और शाल भेंट किए गए। लगभग 50 अन्य भूतपूर्व सैनिकों को भी शाल/कंबल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कर्नल महेश चन्द्र ध्यानी ने अग्निवीर स्व. दिलीप कुमार निशाद की देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और सत्यनिष्ठा को याद करते हुए सेनाध्यक्ष द्वारा जारी श्रद्धांजलि पत्र उनके भाई विनोद निशाद को सौंपा।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के वरिष्ठ सहायक भानु प्रताप गुप्त, नरेन्द्र कुमार और जगदम्बा प्रसाद का सराहनीय सहयोग रहा।