10वें आर्म्ड फोर्स वेटरन्स डे पर वीर नारियों व भूतपूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

बहराइच। दसवें आर्म्ड फोर्स वेटरन्स डे के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद की वीर नारियों, वीरता एवं विशिष्ट पदक विजेताओं के परिजन, भूतपूर्व सैनिक तथा दिवंगत पूर्व सैनिकों की पत्नियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सैनिकों और उनके परिजनों के त्याग व बलिदान के कारण ही आज देश सुरक्षित है और विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सैनिकों एवं उनके परिजनों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी (अवकाश प्राप्त) कर्नल महेश चन्द्र ध्यानी के साथ ब्रिगेडियर टी.पी. शुक्ला, विशिष्ट सेवा मेडल के पुत्र, इण्डो-चाइना युद्ध में शहीद स्व. अंग्रेज सिंह के परिजनों, द्वितीय विश्व युद्ध के दिवंगत सैनिक की पत्नी तथा तीन नान पेंशनर पूर्व सैनिकों को सर्टिफिकेट, शाल, स्मृति चिन्ह, कंबल आदि भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही लगभग 50 अन्य भूतपूर्व सैनिकों को भी शाल व कंबल प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान कर्नल महेश चन्द्र ध्यानी ने अग्निवीर स्व. दिलीप कुमार निशाद की देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं सत्यनिष्ठा का स्मरण करते हुए सेनाध्यक्ष द्वारा जारी श्रद्धांजलि पत्र उनके भाई विनोद निशाद को सौंपा। आयोजन को सफल बनाने में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के वरिष्ठ सहायक भानु प्रताप गुप्त, नरेन्द्र कुमार एवं जगदम्बा प्रसाद का विशेष सहयोग रहा।