
बाह (आगरा)। एक अनोखी पहल के तहत बाह थाना क्षेत्र की 11वीं कक्षा की छात्रा वैष्णवी को एक दिन के लिए थाना अध्यक्ष बनाया गया। यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाए जा रहे मिशन नारी सशक्ति के तहत उठाया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

थाना प्रभारी सत्यदेव शर्मा ने छात्रा को थाने की जिम्मेदारी सौंपी। वैष्णवी ने थाने का निरीक्षण किया, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक में भाग लिया और सरकारी वाहन से क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस पहल का मकसद समाज में महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। मिशन नारी सशक्ति के अंतर्गत ऐसी गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं और महिलाओं को प्रेरित किया जाता है कि वे समाज में अपनी भूमिका को सक्रिय रूप से निभा सकें।
छात्रा वैष्णवी के एक दिन के थानाध्यक्ष बनने से अन्य बालिकाओं और महिलाओं को भी प्रेरणा मिली। थाना प्रभारी सत्यदेव शर्मा ने बताया कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इस तरह की पहलें समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का काम करती हैं।
इस कार्यक्रम से यह संदेश भी दिया गया कि सुरक्षा और कानून की जानकारी हर महिला तक पहुँचनी चाहिए, ताकि वे संकट की घड़ी में सही कदम उठा सकें।