21 सितंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं आतिशी मार्लेना

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे पत्र में मनोनीत मुख्यमंत्री आतिशी के शपथ ग्रहण की तारीख 21 सितंबर प्रस्तावित की है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निवर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी मुर्मू को भेज दिया गया है।

हालांकि, सूत्रों ने बताया कि आप विधायक दल ने भावी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कोई तारीख प्रस्तावित नहीं की है। केजरीवाल ने मंगलवार को उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने तब कहा था कि वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर तभी बैठेंगे, जब जनता उन्हें ‘‘ईमानदारी का प्रमाणपत्र” देगी। इसके बाद आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। आतिशी (43) दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। उनसे पहले भाजपा नेता सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित इस पद पर रह चुकी हैं।