5 साल के बच्चे की रहस्यमयी हालत में मौत, शहर में फेहली देहसत

दिल्ली के दयालपुर में एक मदरसे में पढ़ रहे पांच वर्षीय लड़के की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लड़के की गर्दन, पेट और कमर पर फफोले थे। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजकर 52 मिनट पर ब्रजपुरी मदरसे में लड़के की मौत के संबंध में सूचना मिली।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे लड़के की मां को बताया गया कि उसका बेटा बीमार है। वह उसे ब्रजपुरी में एक निजी अस्पताल लेकर गई जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।” उन्होंने बताया कि महिला अपने बेटे के शव के साथ मदरसा लौटी और वहां काफी भीड़ जमा हो गई। उन्होंने सड़क पर शव रख दिया और मदरसा प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बाद में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को जीटीबी अस्पताल के मुर्दाघर ले जाया गया। उसने मामले की उचित जांच का आश्वासन दिया जिसके बाद लोग वहां से हटे।