बाइक हटाने को लेकर दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, तीन घायल

फतेहपुर, बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के गांव गुरसेल में शनिवार दोपहर एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। बाइक हटाने के मुद्दे पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला हुआ। इस संघर्ष में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव की मुख्य सड़क पर गोलू पुत्र रामकुमार ने अपनी बाइक बीच रास्ते में खड़ी कर दी थी। रास्ता संकरा होने के कारण ट्रैक्टर निकालने में परेशानी हुई, जिस पर सुनील ने बाइक को किनारे कर ट्रैक्टर निकाल लिया।

इस पर गोलू ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने परिवार के अन्य सदस्यों को भी बुला लिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और घर की छत से अर्जुन और उसकी माता ने ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस हमले में सुनील कुमार के पिता कांशीराम, पत्नी और स्वयं सुनील घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाल संजीत सोनकर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच-पड़ताल जारी है।