मक्का-मदीना और वेटिकन सिटी को पीछे छोड़ रामनगरी अयोध्या बनी विश्व की सबसे बड़ी धार्मिक पर्यटन नगरी!

अयोध्या, राम मंदिर के भूमि पूजन की वर्षगांठ पर अयोध्या ने इतिहास रच दिया। धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में रामनगरी ने मक्का, मदीना और वेटिकन सिटी जैसे विश्वविख्यात स्थलों को पीछे छोड़ दिया है। बीते साल 2024 में अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या 16 करोड़ के पार पहुंच गई, जो विश्व के किसी भी धार्मिक स्थल की तुलना में सबसे अधिक है।

वहीं 2024 में मक्का में लगभग 1 करोड़ और वेटिकन सिटी में करीब 90 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे। इन आंकड़ों के मुताबिक, अयोध्या अब दुनिया की सबसे बड़ी धार्मिक पर्यटन नगरी बन गई है।

श्रद्धा के साथ अर्थव्यवस्था का संगम
सिर्फ आस्था ही नहीं, अयोध्या अब धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के तेज विकास का भी उदाहरण बन गई है। 2020 में जहां पूरे साल में केवल 61 लाख श्रद्धालु अयोध्या आए थे, वहीं 2024 में यह आंकड़ा 25 गुना बढ़कर 16 करोड़ पार कर गया।

अयोध्या में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के चलते होटल, परिवहन, स्थानीय उत्पादों और सेवाओं में अभूतपूर्व वृद्धि देखी जा रही है। इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार भी मिला है।

भूमि पूजन वर्षगांठ पर ऐतिहासिक उपलब्धि
आज के दिन, जब 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन की शुरुआत की थी, तब किसी ने नहीं सोचा था कि आने वाले कुछ ही वर्षों में यह नगरी विश्व धार्मिक मानचित्र पर शीर्ष स्थान पर पहुंच जाएगी।

रामनगरी अयोध्या अब न केवल श्रद्धा का केंद्र है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक उन्नति की जीवंत मिसाल बन चुकी है।