
लखनऊ, 21 अगस्त। राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दरबार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गाजियाबाद जिले के लोनी निवासी रिटायर्ड आर्मी जवान सतबीर गुर्जर (65 वर्ष) ने दावा किया कि वह जहरीला पदार्थ खाकर आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सतबीर सुबह लगभग 8:50 बजे जनता दरबार पहुँचा और वहां मौजूद लोगों से कहा कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। यह सुनते ही मौके पर सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारी और कर्मचारी तुरंत सक्रिय हो गए और सतबीर को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुँचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि सतबीर खतरे से बाहर है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
गाजियाबाद के ग्राम सिरौली, थाना लोनी निवासी सतबीर पूर्व में सेना में सेवाएं दे चुका है। बताया जा रहा है कि वह अपनी कुछ व्यक्तिगत समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए जनता दरबार आया था। हालांकि उसने जहरीला पदार्थ क्यों खाया या ऐसा दावा क्यों किया, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
थाना गौतमपल्ली पुलिस का बयान
थाना गौतमपल्ली पुलिस ने इस घटना पर आधिकारिक अपडेट जारी किया है। पुलिस के मुताबिक, “आज दिनांक 21.08.2025 को सुबह लगभग 08:50 बजे सतबीर गुर्जर पुत्र प्रेम सिंह गुर्जर, उम्र करीब 65 वर्ष, निवासी ग्राम सिरौली थाना लोनी जनपद गाजियाबाद, जनता दरबार पहुँचे और वहां मौजूद लोगों से कहा कि वह जहरीली पदार्थ खाकर आया है। यह सुनकर मौके पर मौजूद अधिकारी व कर्मचारीगण ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस की सहायता से सतबीर को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि सतबीर खतरे से बाहर है। थाना प्रभारी गौतमपल्ली पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।”
इस घटना ने मुख्यमंत्री आवास और जनता दरबार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह भी साफ हो गया है कि सुरक्षा जांच के बावजूद सतबीर अंदर तक पहुँच गया और उसने इस तरह का दावा किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सतबीर के बयान और उसकी शिकायतों को भी दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।