
सीतापुर। महोली विकास खंड के नरनी गांव में लोगों के बीच खौफ बन चुकी आदमखोर बाघिन को आखिरकार 29 दिन बाद पकड़ लिया गया। कतर्निया घाट, दुधवा व पीलीभीत से आई विशेषज्ञों की टीम ने शनिवार रात उसे ट्रैंकुलाइज कर काबू में किया।
पिछले एक महीने से यह बाघिन गांव के आसपास आतंक मचाए हुए थी। एक किसान सहित कई जानवरों का शिकार उसने किया था। विगत 22 अगस्त को नरनी निवासी किसान को शिकार बनाने के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। इसके बाद वन विभाग ने पीलीभीत, दुधवा और कतर्नियाघाट से विशेषज्ञों की टीम बुलाकर जगह-जगह पिंजरे, ड्रोन और कैमरे लगाए थे।
हालांकि शातिर बाघिन कई बार पिंजरे के पास बंधे जानवरों का शिकार कर भाग निकली थी। करीब 28 दिन तक तमाम प्रयास असफल रहे। आखिरकार शुक्रवार रात पिंजरे के पास बंधे पड़वे को शिकार बनाने के बाद बाघिन वन विभाग के निशाने पर आ गई। ट्रैप कैमरे और ड्रोन की मदद से टीम ने शनिवार देर रात नरनी गांव के पास घेराबंदी कर उसे ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने में सफलता पाई।
डीएफओ नवीन खंडेलवाल ने बताया कि बाघिन को सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा और उसके शावकों को पकड़ने के लिए अभियान जारी रहेगा। इस खबर से पूरे इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है।