कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के नदरई गेट इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब 58 वर्षीय अधेड़ का शव उसके ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान प्रदीप सक्सेना पुत्र प्रकाश चंद्र सक्सेना निवासी नदरई गेट, चित्रगुप्त मोहल्ला, कासगंज के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, प्रदीप कासगंज के अहरौली गांव में मेडिकल चलाता था और कुछ समय से बैंक के कर्ज और शराब की लत के कारण डिप्रेशन में था।
जानकारी के अनुसार, प्रदीप की पत्नी शोभा चार दिन पहले बेटे आयुष के साथ दिल्ली आंखों का ऑपरेशन कराने गई थीं। घर पर अकेले रह रहे प्रदीप से दो दिन पहले बेटे आयुष ने बात की थी। सोमवार सुबह जब आयुष ने पिता को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उसने पड़ोसियों से संपर्क कर घर जाकर देखने को कहा।
पड़ोसियों ने जब दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, वहीं घर से बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो प्रदीप का शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस के मुताबिक, प्रदीप की मौत करीब तीन दिन पहले हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।