
सैयां, 30 सितंबर 2025 – प्राथमिक विद्यालय शाहपुर नदीम, ब्लॉक सैयां, जनपद आगरा में कार्यरत शिक्षामित्र लोकेन्द्र सिंह गुर्जर का 43 वर्ष की उम्र में असमय निधन हो गया। उन्होंने मंगलवार की सुबह 4 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे शिक्षामित्र समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है।
परिवार के अनुसार, लोकेन्द्र सिंह के पीछे पत्नी, दो नाबालिक बेटियाँ और एक तीन वर्षीय बेटा हैं। कुछ वर्ष पूर्व उनके बड़े बेटे का संदिग्ध परिस्थितियों में अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। दो दिन पूर्व लोकेन्द्र सिंह को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया। उपचार के दौरान उन्होंने सुबह 4 बजे इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ, आगरा के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह छौंकर ने साथी लोकेन्द्र सिंह की असमय मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र आर्थिक तंगी, मानसिक अवसाद, ह्रदयघात, आत्महत्या और गंभीर बीमारी के चलते इलाज के अभाव में जीवन की जंग हारते जा रहे हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार को शिक्षामित्रों के प्रति अपनी नीतियों में सुधार करना चाहिए।
शिक्षामित्र लोकेन्द्र सिंह के असमय निधन की खबर से जनपद के शिक्षामित्र समुदाय में भारी शोक की लहर दौड़ गई। जिला संरक्षक शिशुपाल सिंह चाहर, राजेन्द्र प्रसाद त्यागी, रामनिवास सिंह, तेजवीर सिंह चाहर, संजीव सिंह, ब्रजकिशोर राठौर सहित अन्य शिक्षामित्रों ने गहरा दुःख व्यक्त किया।
अंतिम संस्कार में जय सिंह धाकरे, सुरेन्द्र अग्रवाल, नन्दकिशोर, चंद्रप्रकाश लवानियां, दिनेश बाबू कुशवाह, चंद्रकांत, कमल सिंह, देवेंद्र शर्मा, तोताराम सहित अनेक शिक्षामित्रों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शिक्षामित्र लोकेन्द्र सिंह गुर्जर का निधन न केवल उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि उनके सहयोगियों और पूरे शिक्षामित्र समुदाय के लिए भी गहरा दुख और चेतावनी है कि शिक्षकों और शिक्षामित्रों की समस्याओं पर तुरंत ध्यान दिया जाए।