
कासगंज। बुधवार की शाम जनपद कासगंज में कानून-व्यवस्था को लेकर आगरा जोन की एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ और अलीगढ़ मंडल के डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने संयुक्त रूप से शहर का दौरा किया। उनके साथ एसपी कासगंज अंकिता शर्मा और पुलिस टीम भी मौजूद रही।
सबसे पहले एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ पुलिस लाइन पहुंचीं, जहां उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में बने विद्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने सोरों गेट पुलिस चौकी पर बने पिंक बूथ का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने पिंक बूथ की व्यवस्था और वहां तैनात पुलिस कर्मियों से विस्तार से जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद एडीजी और डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ कासगंज शहर में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बाजारों में मौजूद महिलाओं से बातचीत की और उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के बारे में पूछा।
फ्लैग मार्च के उपरांत एडीजी व डीआईजी कासगंज कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने थाने में बने मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत स्थानीय नागरिकों और महिलाओं के साथ बैठक की। बैठक में महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और जागरूकता के बारे में जानकारी दी गई।
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि कासगंज जिले के हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं, जहां महिला और पुरुष पुलिस कर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और शोहदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं पुरुषों के साथ ही घर से बाहर निकलती थीं, लेकिन अब महिलाएं जागरूक हैं और बिना किसी भय के अकेले भी बाजारों में जा रही हैं। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान की अवधि 3 महीने बताते हुए कहा कि इसके अंतर्गत महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना मुख्य उद्देश्य है।
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ के इस दौरे ने न केवल पुलिस महकमे को सजग किया बल्कि आम जनता को भी यह भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है।