
बाराबंकी। ज़ैदपुर थाना क्षेत्र के मौथरी गांव में बुधवार की भोर में 45 वर्षीय राजमिस्त्री अशोक कुमार का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ पाया गया। मृतक न केवल एक कुशल राजमिस्त्री थे बल्कि भीम आर्मी के सक्रिय सदस्य भी बताए जाते हैं। घटना की जानकारी उनके पुत्र रवि कुमार ने पुलिस को दी।
पुलिस के मुताबिक, अशोक कुमार पिछले सप्ताह पारिवारिक विवाद में शामिल थे। विवाद पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ था, जिसमें रामू का पैर टूट गया था। रामू की तहरीर पर पुलिस ने अशोक कुमार और उनके पुत्र रवि कुमार का मेडिकल कराकर शांतिभंग में चालान किया था। बुधवार सुबह करीब पांच बजे परिजन जब अशोक कुमार को घर में नहीं पाए तो उनकी तलाश शुरू की और शव घर से लगभग 400 मीटर दूर आम के पेड़ पर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही पत्नी और बच्चे मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो गए। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच पैसे का विवाद था और इस पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी।
प्रारंभिक जांच में यह जानकारी मिली है कि अशोक कुमार ने सुसाइड नोट में पत्रकारों और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि विवाद और मानसिक तनाव के कारण यह कदम उठाया गया।
पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में अभी अन्य पक्षों से पूछताछ जारी है।