
आदिशिव ट्रांसजेंडर फाउंडेशन एवं ट्रांसजेंडर गौरव यात्रा समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राजधानी लखनऊ में भव्य ट्रांसजेंडर गौरव यात्रा का आयोजन किया गया। शहर की सड़कों पर निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग शामिल हुए। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे-संवरे प्रतिभागियों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए आत्मगौरव, समानता और सम्मान का संदेश दिया।
कार्यक्रम स्थल लोहिया पार्क चौराहा पर माहौल उत्सव में तब्दील हो गया। चारों ओर “हम भी इस देश के नागरिक हैं”, “समान अधिकार सबको मिलें” जैसे नारों की गूंज सुनाई दी। लोगों ने ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ मिलकर समरसता और स्वीकृति का संदेश दिया।
यात्रा की संयोजिका प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि इस गौरव यात्रा का उद्देश्य समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय विशेष रूप से शोषित बच्चों को जागरूक और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा, “हमारे समुदाय के बच्चे अक्सर भेदभाव और शोषण का सामना करते हैं। इस यात्रा के माध्यम से हम समाज को यह बताना चाहते हैं कि हमें भी समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।”
प्रियंका ने आगे कहा कि यह गौरव यात्रा पिछले तीन वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है और हर वर्ष इसमें समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता बढ़ती जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष की यात्रा में कई मंत्रियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई, जो ट्रांसजेंडर समुदाय के सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
यात्रा के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए नृत्य किया, जिससे पूरा लोहिया पार्क क्षेत्र रंग और उत्साह से भर गया। राहगीरों ने भी इस अनोखे आयोजन की सराहना की और कई लोगों ने ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ मिलकर तस्वीरें खिंचवाईं।
यह गौरव यात्रा न केवल उत्सव का प्रतीक बनी, बल्कि इसने एक बार फिर यह संदेश भी दिया कि समाज तभी पूर्ण होगा जब हर वर्ग को बराबरी का हक और सम्मान मिले।