
बहराइच।प्रदेश के वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने रविवार को वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद महर्षि बालार्क चिकित्सालय पहुंचकर वन्यजीव हमले में घायल मरीजों का हालचाल लिया और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मंत्री के साथ एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, प्रमुख सचिव (वन एवं पर्यावरण) अनिल कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्रीमती अनुराधा वेमुरी, मुख्य वन संरक्षक (मध्य क्षेत्र) रेणु सिंह, वन संरक्षक (देवीपाटन वृत्त) सेम्मारन, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह तथा प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. राम सिंह यादव भी मौजूद रहे।
मंत्री ने चिकित्सालय के वन्यजीव प्रभावित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती राम कुमार पुत्र परदेसी (40 वर्ष) और सुशीला पुत्र गोपाल (21 वर्ष), निवासी कटियारामगांव से मुलाकात कर फलों की टोकरी भेंट की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एम.एम.एम. त्रिपाठी को निर्देशित किया कि वन्यजीव हमले में घायल मरीजों को श्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा दी जाए और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
समापन में मंत्री डॉ. कुमार ने कहा कि राज्य सरकार वन्यजीव प्रभावित इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा, पुनर्वास और राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।