
हरदोई। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए हरदोई पुलिस ने “मिशन शक्ति फेज-5.0” के तहत विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने किया।
जनपद के सभी थानों में महिला बीट आरक्षियों और एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं तक संदेश पहुँचाया। अभियान के दौरान 42 गाँवों में चौपालें आयोजित कर 460 महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया गया। इसके अलावा महिला अपराध से संबंधित 5 पीड़ित महिलाओं को काउंसलिंग देकर आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया गया।
पुलिस टीमों ने 61 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर 732 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और सतर्क चेतावनी दी। महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, बाल सहायता 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
अभियान में कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मिशन शक्ति और मिशन पोषण जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी विस्तार से दी गई। विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों की जानकारी देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
हरदोई पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।