
बहराइच। कैसरगंज तहसील के मंझारा तौकली क्षेत्र में आदमखोर भेड़िए के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक के बाद एक पांच लोगों पर हमला हुआ, जिसमें चार मासूम बच्चे और एक महिला घायल हुए। गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय बालिका पुष्पा को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है।
पिछले कुछ हफ्तों में इस खूंखार भेड़िए के हमलों में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है और बीस से अधिक ग्रामीण घायल हुए हैं। लगातार बढ़ते हमलों के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रभावित इलाकों का दौरा कर चुके हैं और अधिकारियों को भेड़िए को पकड़ने या आवश्यकता पड़ने पर मार गिराने के निर्देश दे चुके हैं।
शनिवार की सुबह तीन बजे पहला हमला बलराजपुरवा गांव में हुआ, जहां लालजी की पत्नी दुर्गावती (40) पर सोते समय हमला कर दिया गया। कुछ ही घंटों बाद बहराइचनपुरवा में मेनका (4) पुत्री हेमराज और श्यामदेवपुरवा में मीना कुमारी (13) पुत्री रामकिशन घायल हुईं।
दोपहर में केलहा पुरवा में खेल रही पुष्पा (7) पर भेड़िए ने हमला कर गहरा घाव किया। इसके बाद खैरी लोनिया गांव में चंद्रसेन (4) पुत्र राजेंद्र को भी भेड़िए ने घायल कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर भेड़िया भाग गया, जिससे सभी की जान बच गई।
घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल पुष्पा को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया।
ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। लोग रात में घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। क्षेत्र में वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और पिंजरे लगाकर भेड़िए को पकड़ने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और छोटे बच्चों को अकेले बाहर न जाने की अपील की है।