सपा के रचनात्मक कार्यक्रमों से बिहार के युवाओं को जोड़ रहे अविरल सिंह — अखिलेश यादव ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

📍बाराबंकी।
बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राज्य का सियासी माहौल भी तेजी से गर्माता जा रहा है। सत्ता बचाने और सत्ता बदलने के इस राजनीतिक संग्राम में इंडी गठबंधन पूरी मजबूती से मैदान में उतर चुका है।
इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के युवा नेता अविरल सिंह को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार में इंडी गठबंधन को मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

शनिवार को बिहार पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव की अगुवानी बाराबंकी निवासी अविरल सिंह ने की। अविरल, पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ सपा नेता अरविन्द कुमार सिंह गोप के पुत्र हैं। हाल के वर्षों में वे पार्टी के रचनात्मक और सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

अविरल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 और लोकसभा चुनाव 2024 में संगठनात्मक स्तर पर उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी युवाओं से जुड़ने की क्षमता और संवाद शैली ने उन्हें संगठन का उभरता चेहरा बना दिया है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि बिहार में वे इंडी गठबंधन के लिए मजबूत रणनीतिक भूमिका निभाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक, अविरल के बिहार पहुंचने के बाद पूर्व मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप भी बिहार में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में हैं। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. पी.एल. पुनिया ने कहा कि “अविरल सिंह की कार्यशैली और समर्पण से बिहार में इंडी गठबंधन को नई ऊर्जा मिलेगी।”

वहीं पूर्व मंत्री अरविन्द कुमार सिंह गोप ने कहा, “अविरल बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे, युवाओं को पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ेंगे। इस बार बिहार में सारे रिकॉर्ड टूटेंगे और इंडी गठबंधन की सरकार बनेगी।”

अविरल सिंह के बिहार पहुंचते ही सपा कार्यकर्ताओं और युवा समर्थकों में उत्साह का माहौल है। इसे पार्टी में “युवा नेतृत्व के सशक्तिकरण” की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।