
भटनी (देवरिया)। स्थानीय नगर पंचायत स्थित जंगली जालपा दुर्गा मंदिर उत्तरायणी गण्डक नदी घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर माँ गंगा की आरती एवं देव दीपावली का भव्य आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में पूरा घाट 21 हजार दीपों की जगमग रोशनी से आलोकित हो उठा।
माँ गण्डकी की महाआरती के दौरान पूरा वातावरण “हर हर गंगे” और “जय माँ जालपा” के जयघोष से गूंज उठा। मुख्य पुजारी प्रकाश मद्धेशिया, पंडित मूरत ओझा और पंडित चंदन दुबे सहित कई विद्वान आचार्यों ने वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ आरती एवं पूजा-अर्चना संपन्न कराई। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर माँ गण्डकी से सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।

इस अवसर पर नगर पंचायत भटनी के चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता, मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिन्द्र वर्मा, सभी सभासद एवं सभासद प्रतिनिधि उपस्थित रहे। चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता ने माँ गण्डकी की आरती में भाग लेकर नगरवासियों को देव दीपावली की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि “ऐसे आयोजन नगर की आस्था, संस्कृति और एकता के प्रतीक हैं।”

कार्यक्रम के दौरान घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दीपमालाओं, पुष्प सज्जा और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। माँ गण्डकी की लहरों पर तैरते दीपों ने पूरे वातावरण को दिव्यता और आनंद से भर दिया।
देव दीपावली के इस पावन पर्व पर भटनी का जंगली जालपा दुर्गा मंदिर घाट आस्था, अध्यात्म और प्रकाश से आलोकित हो उठा। आयोजन जंगली जालपा दुर्गा मंदिर समिति और नगरवासियों के सामूहिक सहयोग से संपन्न हुआ।