हॉकी के स्वर्णिम इतिहास को यादगार बनाएगा गांधी क्लब: अरविंद सिंह गोप

भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर गांधी भवन में दिग्गज खिलाड़ियों को किया गया नमन

बाराबंकी। भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रविवार को महात्मा गांधी स्पोर्ट्स क्लब की ओर से गांधी भवन में हॉकी शताब्दी समारोह की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम से पहले क्लब के संरक्षक व पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने देवा रोड स्थित पुलिस लाइन चौराहा पर स्थापित हॉकी के महान खिलाड़ी पद्मश्री के.डी. सिंह ‘बाबू’ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

इसके बाद गांधी भवन पहुंचकर श्री गोप ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद और के.डी. सिंह बाबू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि —

“महात्मा गांधी स्पोर्ट्स क्लब इस शताब्दी वर्ष में खेल भावना को जाग्रत करने और हॉकी के स्वर्णिम इतिहास को यादगार बनाने के लिए विशेष आयोजन करेगा। हॉकी टूर्नामेंट, खेल प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को इस गौरवशाली खेल से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि हॉकी भारत के लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पहचान और सामूहिक भावना का प्रतीक है।
भारत ने 1925 में हॉकी की शुरुआत की और 1928 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर विश्व पटल पर इतिहास रचा।

क्लब के अध्यक्ष सलाउद्दीन किदवई ने बताया कि भारत में हॉकी की शुरुआत कलकत्ता से हुई और बाराबंकी के देवा में 1927 में पहला मैच खेला गया।
1928 में ओलंपिक खेलों में बाराबंकी के दिग्गज शौकत अली ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन गोल किए, जिससे भारत को विजय मिली।
उन्होंने कहा, “बाराबंकी के शौकत अली और के.डी. सिंह बाबू ने भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।”

क्लब के संस्थापक राजनाथ शर्मा ने बताया कि गांधी भवन में एक विशाल फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें भारतीय हॉकी के 100 गौरवशाली वर्षों की यात्रा को दर्शाया जाएगा।
साथ ही इस अवसर पर शताब्दी स्मारिका का प्रकाशन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्लब के खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव धीरेन्द्र कुमार वर्मा, समाजसेवी मोहम्मद उमेर किदवई, वरिष्ठ सपा नेता प्रमोद वाजपेई, हॉकी खिलाड़ी विजय अवस्थी, विनय कुमार सिंह, अशोक कुमार शुक्ला, सभासद मो. फैसल, अश्विनी शर्मा, मनीष यादव, राजेश यादव, हशमत अली गुड्डू, रणंजय शर्मा समेत अनेक खेलप्रेमी व गणमान्य उपस्थित रहे।