
देवरिया। भाटपार रानी क्षेत्र के बनकटा मिश्र गांव में मंगलवार को श्री श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस यात्रा में कामख्या पीठ के तांत्रिक संत श्यामशरण महाराज के सान्निध्य में क्षेत्र की हज़ारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। श्रद्धा और उत्साह से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई और भजन-कीर्तन के मधुर स्वर वातावरण में गूंजते रहे। कलश यात्रा यज्ञ स्थल पर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलशों का पूजन कर विधिवत रूप से महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। आने वाले दिनों में यज्ञ के साथ रामलीला, प्रवचन, भजन संध्या और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जिनमें क्षेत्र भर से श्रद्धालु शामिल होंगे।
मुख्य अतिथि डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि “ऐसे आयोजन हमारी धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखते हैं और समाज में एकता, सद्भाव तथा संस्कारों का संदेश देते हैं।”
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पं. गिरिश चंद्र तिवारी ने कहा कि “महायज्ञ जैसे आयोजन युवाओं में संस्कृति के प्रति जुड़ाव को प्रोत्साहित करते हैं और ग्रामीण चेतना को मजबूत बनाते हैं।”
सलेमपुर एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने इसे समाज की आध्यात्मिक धरोहर बताते हुए कहा कि इसमें महिलाओं की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय है।
कार्यक्रम का संचालन राकेश यादव ने किया। अंत में यज्ञ समिति ने श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की।
इस अवसर पर बनकटा मिश्र, भवन टोला, दनऊर, जिरासो, मल्हना और मल्हनी सहित आसपास के गांवों के लोग उपस्थित रहे।