
खेरागढ़। तहसील परिसर में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने का नेतृत्व तहसील अध्यक्ष महेश चंद्र यादव ने किया।
शुक्रवार को सभी लेखपाल कामकाज छोड़कर तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए, जिससे राजस्व संबंधी कार्य ठप रहे। लेखपालों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।

लेखपालों की 8 सूत्रीय प्रमुख मांगें
- प्रारंभिक वेतनमान का सूचीकरण
- पदोन्नति के अवसरों में वृद्धि
- एसीपी व्यवस्था की विसंगतियों का निस्तारण
- विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी
- पदनाम परिवर्तन
- अंतर मंडलीय स्थानांतरण की सुविधा
- पेंशन विसंगतियों का समाधान
- जनसंख्या वृद्धि, शहरीकरण एवं भूमि विवाद बढ़ने के अनुसार पदों में वृद्धि, साथ ही राजस्व कार्यालय, राजस्व सहायिका एवं राजस्व पुलिस चौकी की व्यवस्था
लेखपालों ने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद पदों में बढ़ोतरी न होना गंभीर समस्या है। उन्होंने कहा कि सरकार से सकारात्मक निर्णय न मिलने की स्थिति में वे आंदोलन को और उग्र करेंगे।
धरने में मधुरेश तिवारी, कौशल किशोर, कप्तान सिंह, मोहर सिंह, दीपक, राहुल, अजय, राधा शर्मा, पिंकी चाहर, अंजू शर्मा, नीतू यादव, रश्मि कुशवाह, जॉन मेजर, संतोष राजपूत आदि मौजूद रहे।