सैन्य कर्मी से शादी के अरमान ने ली साक्षी की जान

रिपोर्ट—राजेश सरकार

प्रयागराज। जीजीआईसी कटरा की 17 वर्षीय छात्रा साक्षी यादव की हत्या का सनसनीखेज खुलासा सोमवार देर शाम डीसीपी नगर और डीसीपी गंगानगर ने संयुक्त प्रेसवार्ता में किया। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले सैन्य कर्मी नायक हर्षवर्धन सिंह उर्फ दीपक पुत्र रणवीर निवासी कुसुमगढ़ को कैंट, थरवई पुलिस तथा एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी हर्षवर्धन ने पूछताछ में बताया कि उसकी साक्षी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान साक्षी ने बताया कि वह सेना के जवान से शादी करने का सपना देखती है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्यार में बदल गया। इसी बीच साक्षी को पता चला कि आरोपी की शादी 30 नवंबर को होने वाली है। यह जानकर वह नाराज हो गई और विवाह तोड़ने के लिए दबाव बनाने लगी। उसने आरोपी से अपने परिजनों से मिलाने की भी मांग की, जबकि हर्षवर्धन की शादी छह महीने पहले तय हो चुकी थी और वह इसे तोड़ने के लिए तैयार नहीं था।

दबाव बढ़ने पर आरोपी ने साक्षी को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना लिया। उसने उसे शादी की बात करने के बहाने मिलने बुलाया। स्कूल ड्रेस और बैग के साथ पहुंची साक्षी से आरोपी की कहासुनी हुई। इसी दौरान उसने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे साक्षी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने पास के मंदिर में छिपा कर रखे फावड़े की मदद से नाले किनारे गड्ढा खोदा और साक्षी के शव को दफना दिया।

पुलिस ने 72 घंटे के भीतर साक्षी हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। संयुक्त प्रेसवार्ता में डीसीपी नगर और डीसीपी गंगानगर ने पूरे मामले की विस्तृत जानकारी मीडिया को उपलब्ध कराई।