
बहराइच। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देशन में जनपद के किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री से जोड़ने और पराली न जलाने के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 07 प्रचार वाहन फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए तथा 03 वाहन पराली व फसल अवशेष न जलाने के लिए ग्रामीण इलाकों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं।
ये वाहन गांव–गांव जाकर किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री कराने के महत्व और उसके लाभों को समझा रहे हैं। साथ ही खेतों में पराली जलाने से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण व मिट्टी की उर्वरता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैला रहे हैं।
प्रशासन के मुताबिक सेटेलाइट से पराली जलाने की 93 घटनाएं चिह्नित हुई हैं। स्थलीय सत्यापन के बाद 56 किसानों को पराली जलाते पाया गया, जिन पर अब तक ₹1.75 लाख का अर्थदंड लगाया गया है।
फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान में जनपद को निर्धारित 5,08,600 किसानों के लक्ष्य के मुकाबले 3,29,982 किसानों ने अब तक पंजीकरण करा लिया है, जो कुल लक्ष्य का 58% है।
डीएम अक्षय त्रिपाठी ने जनपद के सभी कृषकों से अपील की है कि वे पराली का वैज्ञानिक निस्तारण करें और अपनी भूमि की उर्वरा शक्ति को बढ़ाएं। साथ ही कहा कि किसान जल्द से जल्द फॉर्मर रजिस्ट्री कराएं ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का निर्बाध लाभ मिलता रहे।