
आगरा। जनपद के जगनेर बाजरा खरीद केंद्र पर गुरुवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब बड़े एवं दबंग किसानों ने अपने ट्रैक्टर खरीद केंद्र के मार्ग पर लगाकर छोटे किसानों की बाजरा खरीद में बाधा उत्पन्न कर दी। दरअसल, गुरुवार का दिन केवल 20 कुंतल तक के छोटे किसानों की खरीद के लिए निर्धारित है, लेकिन बड़े किसानों ने रास्ता बंद कर खरीद प्रक्रिया को दोपहर तक प्रभावित किया।
सूचना मिलने पर करीब 12:30 बजे जिला खाद्य विपणन अधिकारी नंद किशोर, किसान नेता मोहन सिंह चाहर और भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह चाहर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बड़े किसानों से ट्रैक्टर हटाने का आग्रह किया, लेकिन वे तैयार नहीं हुए। मजबूरन SDM खेरागढ़ से संपर्क कर पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर हटवाकर रास्ता खुलवाया, जिसके बाद छोटे किसानों के बाजरे की खरीद शुरू हो सकी।
इसके उपरांत अधिकारी एवं किसान नेताओं ने खेरागढ़ खरीद केंद्र का निरीक्षण भी किया, जहां खरीद सुचारू पाई गई।
जगनेर केंद्र प्रभारी निखिल सक्सेना ने जानकारी दी कि—
जगनेर प्रथम केंद्र पर अब तक 94 किसानों से 4430 कुंतल
जगनेर द्वितीय केंद्र पर 95 किसानों से 3804.5 कुंतल बाजरा खरीदा जा चुका है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी नंद किशोर ने कहा कि बाजरा खरीद 31 दिसंबर तक जारी रहेगी। सभी किसानों का बाजरा खरीदा जाएगा, किसानों से धैर्य और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने छोटे किसानों की खरीद स्वयं खड़े होकर कराई और स्पष्ट कहा कि गुरुवार सीमान्त किसानों के लिए तय है, इसलिए बड़े किसान रास्ता न रोकें। उन्होंने किसानों से दलालों से दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ किसान खुद उठाएं, दलालों को नहीं।
भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह चाहर ने भी कहा कि बाजरा के समर्थन मूल्य का लाभ छोटे किसानों तक अवश्य पहुँचना चाहिए।
इस मौके पर केंद्र प्रभारी निखिल सक्सेना, खेरागढ़ प्रभारी विकास, सतेंद्र सिकरवार समेत क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।