
हरदोई। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की जयंती सपा जिला कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए शराफत अली ने कहा कि मुलायम सिंह यादव आम जन के बीच नेताजी के नाम से जाने जाते थे। उनका पूरा जीवन सादगी, संघर्ष और समाजवादी मूल्यों को समर्पित रहा। डॉक्टर लोहिया के सानिध्य में राजनीतिक यात्रा शुरू करते हुए उन्होंने सदैव जनता की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती से उठाया। वर्ष 1992 में देश के समाजवादियों को एकजुट कर समाजवादी पार्टी की स्थापना की और चार बार प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा देश के रक्षा मंत्री बने।
पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने चुंगी समाप्त कर एक नए युग की शुरुआत की। उन्होंने गरीबों के लिए एक रुपए में पर्चा बनाकर अस्पताल में सस्ता इलाज उपलब्ध कराया, जिससे लाखों लोगों को राहत मिली।
पूर्व प्रत्याशी मल्लावां–बिलग्राम बृजेश वर्मा टिल्लू ने कहा कि उनका नारा “रोज़ी-रोटी सस्ती हो, दवा-पढ़ाई मुफ्त हो” आम जन के दिलों में घर कर गया था। रक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने देश के शहीदों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक घर तक सम्मानपूर्वक पहुंचाने की परंपरा शुरू कराई। उन्होंने छात्र संगठनों की वकालत की और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि मुलायम सिंह यादव युवाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों में बेहद लोकप्रिय रहे। उन्होंने इन वर्गों को राजनीतिक आरक्षण देकर प्रधान, बीडीसी, ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष जैसे पदों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त किया। जयंती पर सभी ने संकल्प लिया कि वे उनके बताए मार्ग पर चलकर समाजवादी मूल्यों को आगे बढ़ाएंगे।
जयंती कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में अजय सिंह पाल, राहुल गुप्ता, फूलचंद वर्मा, अमित बाजपेई, धर्मवीर यादव, रहमत अली, मोनू सुशील हंस, चंद्रशेखर पाल, अग्निकांत बाजपेई, मोतीलाल यादव, प्रदीप राजवंशी, पियूष राजवंशी, मनोज शुक्ला, पूनम सरोज, अलका दीक्षित, सीमा यादव, परिवेश श्रीवास्तव, फैजान अहमद, ईद अहमद, शारदा सिंह यादव, गिरिजा शंकर पाल, डॉ. अरुण मौर्य, यदुनंदन लाल वर्मा, प्रदीप कुशवाहा, सत्य राम यादव, उमेश यादव, शिव यादव, अकील अख्तर, आकाश कनौजिया, सुरेंद्र पाल यादव, सचिन वर्मा, राजाराम यादव और इरशाद वाहिद शामिल रहे।