लोकतंत्र रक्षक सेनानी डॉ. रामकिशन गर्ग का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

खेरागढ़। लोकतंत्र रक्षक सेनानी डॉ. रामकिशन गर्ग डूंगरवाला वालों का गुरुवार को निधन हो गया। उनके स्वर्गवास की खबर लगते ही पूरे खेरागढ़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
डॉ. रामकिशन गर्ग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक थे और आजीवन राष्ट्र व समाज सेवा में सक्रिय रहे। वे राम मंदिर आंदोलन में अग्रणी रहे और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल भी गए थे। समाज सेवा, मानव कल्याण और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें सामाजिक व सांस्कृतिक जगत में एक सम्मानित व्यक्तित्व बनाया। उनके जीवन में सरलता, दृढ़ राष्ट्रवाद और त्यागभाव साफ झलकता था। खेरागढ़ क्षेत्र में संघ के जमीनी ढांचे को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

दिवंगत की शवयात्रा शुक्रवार सुबह 10 बजे उनके निवास — गर्ग मार्केट, ऊंटगिर रोड, खेरागढ़ से मोक्षधाम के लिए प्रस्थान करेगी। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, राजनीतिक व धार्मिक हस्तियों सहित बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने गहरी संवेदना प्रकट की है तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है।