“पलिया में चोरी का फुल टाइम ऑपरेशन — पुलिस टाइम-आउट पर!”

पलिया नगर से लेकर पूरे कोतवाली क्षेत्र में चोरी की बढ़ती वारदातें पुलिस की सक्रियता पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं। हालात ऐसे हैं कि क्षेत्र में “पुलिस पस्त, चोर मस्त” कहावत हकीकत बनकर सामने खड़ी है। बीती रात अज्ञात चोरों ने पटिहन रोड स्थित अजीतनगर में बंद पड़े एक मकान को अपना निशाना बनाया।

जानकारी के मुताबिक़, अजीतनगर निवासी राजकिशोर पुत्र गजोधर दिल्ली में नौकरी करते हैं और परिवार समेत वहीं रहते हैं। घर कई दिनों से बंद था और जेवर-सामान अंदर ही रखा था। शुक्रवार सुबह मोहल्लेवालों की नजर मुख्य गेट पर पड़ी तो ताला टूटा देखकर उन्हें अनहोनी का अंदेशा हुआ।

मोहल्ले के लोगों ने तुरंत घटना की सूचना राजकिशोर के परिजनों मानू, अर्जुन, करोड़ी, रामरतन आदि को दी। परिवारजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर कितने की चोरी हुई है। पुलिस के अनुसार मकानस्वामी के पहुंचने के बाद ही सही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।

थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मौका-मुआयना कर लिया गया है और घटना की सूचना मकानस्वामी को भी दे दी गई है। उनके आने के बाद चोरी गए सामान की सूची सामने आएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

उधर लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों ने क्षेत्रवासियों में दहशत फैला दी है। लोग रात में घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।

करीब एक माह पहले दुधवा रोड के एक मकान में हुई बड़ी चोरी का खुलासा आज तक नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।