भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि, रूल नहीं रोल निभाऊंगा : प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदभार संभालने के बाद अपने पहले बयान में संगठन और कार्यकर्ताओं को केंद्र में रखने का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा में न कोई वाद है, न परिवारवाद और न ही जातिवाद, बल्कि यहां परिश्रम, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण को ही महत्व दिया जाता है।

पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे उनके लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह कार्यकर्ताओं के लिए लड़ेंगे, अड़ेंगे और उनकी बात भी पूरी गंभीरता से सुनेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होता है जब कार्यकर्ता मजबूत, सम्मानित और आत्मविश्वास से भरे हों। प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उनका नेतृत्व आदेश देने वाला नहीं, बल्कि साथ लेकर चलने वाला होगा।

संगठन की कार्यप्रणाली पर बात करते हुए पंकज चौधरी ने चार अहम स्तंभ गिनाए। उन्होंने कहा कि कार्यालय, कार्यक्रम, कार्यकर्ता और कोष—ये चार चीजें किसी भी संगठन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इन चारों पर समान रूप से ध्यान दिया जाएगा, ताकि पार्टी की विचारधारा, योजनाएं और संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए अनुशासन के साथ-साथ संवाद और समन्वय भी जरूरी है।

अपने नेतृत्व के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि उन्हें रूल नहीं करना है, बल्कि रोल अदा करना है। संगठन, संपर्क, संवाद और समन्वय उनके मूल मंत्र होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के अनुभवों का पूरा उपयोग किया जाएगा और हर स्तर पर टीमवर्क को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है और इसकी ताकत उसका संगठन है।

पंकज चौधरी ने भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की एकात्म मानववाद की सोच को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यवहार में उतारा है। आज सरकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, यही भाजपा सरकारों की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास केवल नारा नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाली सच्चाई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पहले गोरखपुर का नाम सुनकर लोग पीछे हट जाते थे, लेकिन आज योगी जी के नेतृत्व और कठोर निर्णयों की वजह से गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था, विकास और सुशासन के जरिए प्रदेश का कायाकल्प किया है। पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन और सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।