रुनकता में बंदरों का आतंक, हमले से वृद्धा घायल


रुनकता: कस्बा रुनकता में बंदरों का आतंक है। लोग छतों पर चढ़ने में डरते हैं। सोमवार को एक वृद्ध महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सोमवार को कस्बा की बाल्मीकि बस्ती निवासी 70 वर्षीय प्रेमवती पत्नी स्व रामफूल अपनी छत पर सो रहीं थी। बेटा विनोद व बहू शारदा कार्यवश बैंक गए थे। दोपहर तीन बजे अचानक आए बंदरों के झुंड ने प्रेमवती पर हमला बोल दिया। एक बंदर ने महिला के सिर दूसरे ने हाथों में बुरी तरह काट लिया। महिला की चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने महिला को बचाया। गंभीर हालत में महिला को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है। ग्रामीणों ने बताया कि पंद्रह दिन पहले बस्ती के ही युवक प्रेमसागर को भी बंदरों ने काट लिया था। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले कीठम झील के जंगल में कुछ लोग बड़ी संख्या में बंदरों को छोड़ गए थे। कुछ जानकारों ने बताया कि बंदर प्रेमी व दान पुण्य कमाने बालों लोगो बंदरों फल डालने वाले बंदरों को जंगल से गांव के पास तक ले आए है। जंगल में रहने वाले बंदर कस्बा तक धाबा बोल रहे है। पहले से ही बंदरों का आतंक था अब कस्बा में बंदरों का आतंक चरम सीमा से ऊपर बढ़ गया है।