कृषि भवन प्रांगण में किसान सम्मान दिवस मेला–प्रदर्शनी आयोजितअध्यक्ष जिला पंचायत व जिलाधिकारी ने 41 किसानों को किया सम्मानित


बहराइच।कृषि विभाग बहराइच के तत्वावधान में भारत रत्न, भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर कृषि भवन प्रांगण में एक दिवसीय जनपद स्तरीय किसान सम्मान दिवस मेला–प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत परम्परागत कृषि विकास योजना एवं मिलेट्स रेसिपी कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मा. जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह एवं जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा भारत रत्न स्व. चौधरी चरण सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने कृषि विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टालों का अवलोकन कर किसानों द्वारा प्रदर्शित जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों की सराहना की।
प्रदर्शनी में जनपद के कृषक उत्पादक संगठनों (FPOs) ने अपने जैविक व प्राकृतिक उत्पादों का प्रदर्शन किया। साथ ही कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम, गन्ना विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, मिलेट्स एवं मिलेट्स रेसिपी से संबंधित स्टालों का भी अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर कुल 41 किसानों/लाभार्थियों को किसान सम्मान प्रमाण पत्र एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें कृषि विभाग के 08, उद्यान विभाग के 06, रेशम विभाग के 04, मत्स्य विभाग के 04, गन्ना विभाग के 02, कृषि विज्ञान केंद्र बहराइच व नानपारा के 02–02, मिलेट्स (सांवा व रागी) के 03 तथा मिलेट्स रेसिपी कार्यक्रम के 06 चयनित लाभार्थी शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह ने सम्मानित किसानों को बधाई देते हुए कहा कि जनपद के किसान जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर कृषि को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने स्व. चौधरी चरण सिंह जी को सच्चा किसान हितैषी बताते हुए कहा कि किसानों का सम्मान करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि सम्मानित किसानों के प्रयासों से अन्य किसान भी प्रेरित होंगे और जनपद में किसानों की आय वृद्धि सुनिश्चित होगी। उन्होंने कृषि एवं सहायक विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कृषि भवन कार्यालय एवं मिलेट्स गैलरी का निरीक्षण भी किया।
उप निदेशक कृषि विनय कुमार वर्मा ने किसानों को विषमुक्त एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह देते हुए विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सी.पी.एन. गौतम व डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने उत्पादन के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को आवश्यक बताया, जिससे पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह संचित, प्रगतिशील कृषक बब्बन सिंह, मुन्नालाल वर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाकर आय बढ़ाने के सुझाव दिए।
इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी मो. शकील, सहायक निदेशक मत्स्य बाबूराम, सहायक निदेशक रेशम एम.के. सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी प्रियानन्दा, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. सौरभ वर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।