वाजपेयी के राष्ट्रनिर्माण के योगदान को किया गया नमन


कसया, कुशीनगर।भारतीय जनता पार्टी द्वारा कसया स्थित एक होटल में आयोजित कुशीनगर विधानसभा अटल स्मृति सम्मेलन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्रसेवा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे आधार स्तंभ थे, जिनकी नीतियों और कार्यशैली के विरोधी भी प्रशंसक रहे। उनका संपूर्ण जीवन जनसेवा और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि विश्व के विरोध की परवाह किए बिना पोखरण परमाणु परीक्षण कर अटल जी ने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया।
सांसद ने कहा कि पहले आतंकवादी घटनाओं पर केवल निंदा तक सीमित रहा जाता था, जबकि आज भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं और उनके राष्ट्रनिर्माण के संकल्पों को नई गति दे रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि गोरखपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने साहित्य, राजनीति, सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया। वे ऐसे नेता थे, जिन्हें पक्ष और विपक्ष दोनों समान रूप से सम्मान देते थे। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को व्यवहार में उतारने का कार्य किया, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल राजनेता नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि हृदय वाले दूरदर्शी राष्ट्रनेता थे। उन्होंने सत्य, ईमानदारी और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ देश की सेवा कर भारत को नई दिशा दी।
कुशीनगर विधायक पीएन पाठक ने कहा कि अटल जी का योगदान देश सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने लोकतंत्र की मर्यादा, सुशासन और पारदर्शिता को राजनीति का आधार बनाया।
सम्मेलन को पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदम्बा सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश कुमार जायसवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक अनिल प्रताप राव ने किया।
इस अवसर पर राधेश्याम गोंड, संतोष दत्त राय, अवधेश प्रताप सिंह, विजय कुमार शुक्ल, दिवाकर मणि त्रिपाठी, विश्व रंजन कुमार आनंद, चंद्र प्रभा पाण्डेय, सुधीर राव, अमित पाण्डेय, अशोक पाण्डेय, डॉ. टीएन राव, डॉ. छेदी शर्मा, आद्या प्रसाद पाण्डेय, अमरजीत कुशवाहा, किन्नरेश चौबे, बच्चा सिंह, राजेश राव सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।