मनरेगा बचाओ संग्राम के जिला को-आर्डिनेटर बनीं शिप्रा अवस्थी, कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर अभियान को दी मजबूती

लखीमपुर-खीरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर देशभर में चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान को उत्तर प्रदेश में और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अहम निर्णय लिया है। इसी क्रम में लखीमपुर-खीरी जिले की वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री शिप्रा अवस्थी को “मनरेगा बचाओ संग्राम” का जिला को-आर्डिनेटर नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, प्रदेश के सभी जनपदों में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों के सहयोग हेतु वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पहल का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के चलते कमजोर पड़ रही मनरेगा योजना को बचाने के लिए व्यापक जन-आंदोलन खड़ा करना है।
शिप्रा अवस्थी की नियुक्ति पर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में लखीमपुर-खीरी में मनरेगा बचाओ संग्राम को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि को-आर्डिनेटर चौपालों, जनसभाओं और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता को मनरेगा से जुड़े मुद्दों से अवगत कराएंगे तथा मजदूरों के अधिकारों की आवाज बुलंद करेंगे।
नवनियुक्त जिला को-आर्डिनेटर शिप्रा अवस्थी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाएंगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा से जुड़े मजदूरों और जरूरतमंदों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती के साथ लड़ी जाएगी।