
कासगंज।जनपद के थाना ढोलना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ग्राम घिनौना नगला ढाय में नाबालिग लड़की की कथित रूप से हत्या कर देर रात उसका शव श्मशान घाट में जला दिया गया। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और श्मशान घाट से जली हुई चिता में से लड़की के अवशेष बरामद किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार ग्राम घिनौना निवासी सचिन पुत्र लालबहादुर बीते शुक्रवार को पड़ोस की नाबालिग लड़की नेहा पुत्री शीशपाल को कथित तौर पर भगा ले गया था। बताया जा रहा है कि शनिवार को लड़की के परिजनों ने दोनों को आगरा से पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद लड़की को घर लाकर परिजनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद मामले को छिपाने के उद्देश्य से शनिवार देर रात करीब चार बजे गांव के श्मशान घाट में नेहा के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घटना की जानकारी गांव निवासी परसुराम को हुई, जिसने शनिवार सुबह करीब नौ बजे डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी कि शीशपाल ने अपनी नाबालिग बेटी की हत्या कर शव जला दिया है। सूचना मिलते ही ढोलना पुलिस और इनायती चौकी इंचार्ज करन सिंह पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने खुलकर जानकारी नहीं दी। करीब दो घंटे तक गांव में लड़की की तलाश की गई। इस दौरान गांव के प्रधान प्रतिनिधि विकास पर पुलिस को गुमराह करने का आरोप भी लगा है। बताया गया कि वह फोन पर पुलिस को यह कहता रहा कि लड़की और लड़का रिश्तेदारी में हैं और वह उन्हें लेकर आ रहा है।
पुलिस की तलाश जब श्मशान घाट तक पहुंची तो वहां जल चुकी चिता से लड़की के अवशेष बरामद किए गए। इस दौरान यह भी सामने आया कि लड़का सचिन रात से ही लड़की के परिजनों के कब्जे में था, जिससे सचिन के परिजनों को उसके साथ भी अनहोनी की आशंका थी। फिलहाल पुलिस ने सचिन को अपनी हिरासत में ले लिया है। लड़की और लड़के के परिजन गांव से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।