
बहराइच। उत्तर प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘‘उत्तर प्रदेश पर्व-हमारी संस्कृति, हमारी पहचान’’ के तहत ‘संस्कृति उत्सव 2025-26’ का जिला स्तरीय आयोजन कपूरथला परिसर स्थित मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में गायन, वादन, शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय नृत्य, जनजातीय वाद्य यंत्र/लोक वाद्य, काव्य पाठ, लोक नृत्य, नोकनाट्य सहित विभिन्न विधाओं में तहसील स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चंद्र ने जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद और जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मनीष कुमार के साथ माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, महराज सिंह इण्टर कॉलेज, तारा इण्टर कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, क़रज़ी गीत और रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं।
सीडीओ मुकेश चंद्र ने प्रतिभागियों, शिक्षण संस्थाओं और स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चे अपनी संस्कृति और विरासत के प्रति जागरूक होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की इस पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
नृत्य: श्रेष्ठा पटेल (प्रथम), तमन्ना चौहान (द्वितीय), पूर्वा (तृतीय)
गायन: वरूण वर्मा (प्रथम), यशी (द्वितीय), सोनाली (तृतीय)
वादन: मुस्कान मिश्रा (प्रथम), प्रिया मिश्रा (द्वितीय)
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, शील्ड और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। मेट्रो म्यूज़िकल एकेडमी की डायरेक्टर श्रीमती सोनी श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।