
बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के आजादनगर मोहल्ला निवासी टेंट व किराना व्यवसायी राजेंद्र जायसवाल के पुत्र संजय जायसवाल (45) ने बुधवार सुबह अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घर में अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर अवस्था में संजय जायसवाल को लखनऊ रोड स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। उस समय परिवार के अन्य सदस्य अपनी नित्य क्रियाओं में व्यस्त थे। इसी दौरान संजय के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि उनके सिर में गोली लगी हुई थी। संजय जायसवाल अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। वह अपने पिता के इकलौते पुत्र थे और पारिवारिक कारोबार संभालते थे। पुत्री एमबीए कर नौकरी कर रही है, जबकि पुत्र किराने की दुकान का संचालन करता है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई है। पिस्टल की स्थिति, लाइसेंस संबंधी दस्तावेज और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर गहन जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।