
बहराइच। प्रदेश के सबसे बड़े वेटलैंड में शामिल पयागपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित बघेल झील के तट पर 2.85 करोड़ रुपये की इको टूरिज्म परियोजना का शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास विधायक सुभाष त्रिपाठी ने भूमि पूजन और शिलापट का अनावरण कर किया। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
विधायक सुभाष त्रिपाठी ने बताया कि बघेल झील का अतीत बेहद समृद्ध रहा है, लेकिन समय के साथ इसके अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। पर्यावरण प्रेमियों और समाजसेवियों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अपने एमएलसी कार्यकाल से ही शासन स्तर पर इस झील के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए प्रयास शुरू किए थे, जो अब सफल हुए हैं। शासन द्वारा झील के तट पर इको टूरिज्म विकास के लिए 2 करोड़ 85 लाख 42 हजार रुपये की परियोजना को स्वीकृति दी गई है।
परियोजना के तहत बघेल झील के तट पर सीसी प्लेटफॉर्म, ओपन ऑडिटोरियम, दुकानें, टी आकार का डेक सेल्फी प्वाइंट, आकर्षक हरियाली, लाइटिंग और पार्क का निर्माण किया जाएगा। विधायक ने कहा कि इस परियोजना से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर विधानसभा संयोजक निशंक त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष भाजपा उमा शंकर तिवारी, किसान मोर्चा उपाध्यक्ष आनंद पाण्डेय, समाजसेवी हरिओम रस्तोगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रमोद पांडे, दुर्गेश सिंह रैकवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।