महादेवा मेला को लेकर बाराबंकी में 5 से 16 फरवरी तक यातायात डायवर्जन लागू

बाराबंकी। महाशिवरात्रि एवं श्री लोधेश्वर महादेव फाल्गुनी मेला-2026 के अवसर पर महादेवा मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए जनपद बाराबंकी में 5 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक भारी व हल्के वाहनों के लिए विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था मेला अवधि के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने और दुर्घटनाओं से बचाव के उद्देश्य से की गई है।
डायवर्जन प्लान के तहत लखनऊ की ओर से मसौली-रामनगर होकर गोंडा जाने वाले भारी वाहन अयोध्या जनपद से होकर भेजे जाएंगे। रामनगर मोड़ और असैनी मोड़ से किसी भी भारी वाहन को मसौली-रामनगर अथवा पटेल चौराहे की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इसी प्रकार लखनऊ से मसौली-रामनगर होकर बहराइच जाने वाले वाहन रेउसा से चहलारी घाट घाघरा पुल होते हुए बहराइच की ओर जाएंगे। लखनऊ से देवा होकर फतेहपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन देवा से बाबा कुटी, बड्डूपुर थाना के सामने से महमूदाबाद, सीतापुर के रेउसा व चहलारी घाट के रास्ते बहराइच होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे।
हल्के व छोटे वाहनों के लिए लखनऊ से मसौली-रामनगर होकर बहराइच या गोंडा जाने वालों को उधौली मोड़ से सिरौलीगौसपुर तहसील के सामने से चौकाघाट होकर भेजा जाएगा। वहीं बहराइच व गोंडा की ओर से आने वाले भारी वाहन बहराइच के टिकोरा मोड़ से चहलारी घाट होकर सीतापुर के रेउसा से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे, जबकि हल्के वाहन चौकाघाट रामनगर से मरकामऊ होते हुए सफदरगंज चौराहे के रास्ते आगे बढ़ेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महादेवा मंदिर की ओर आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संख्या का प्रतिदिन आकलन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मार्गों पर भी तत्काल डायवर्जन लागू किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी मार्गों पर लगातार गश्त, पिकेट, मोबाइल ड्यूटी और पीआरवी वाहन तैनात किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति के लिए चार एंबुलेंस मय चिकित्सक दल और जीवन रक्षक दवाओं के साथ तैनात रहेंगी। चौपुला और रामनगर तिराहे पर क्रेन की भी व्यवस्था की गई है। डायवर्जन के दौरान किसी भी आपातकालीन वाहन को रोका नहीं जाएगा।