
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुराने लखनऊ में युवक की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में चाइनीज मांझा सेवानिवृत्त फौजी ब्रजेश राय के लिए जानलेवा साबित हो गया। ड्यूटी से लौटते समय अचानक मांझा उनके जबड़े से टकरा गया, जिससे चेहरा बुरी तरह कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रतिबंधित मांझे से कटकर 33 वर्षीय एमआर मोहम्मद शोएब की मौत के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर था और शहर भर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसके बावजूद गोमतीनगर विस्तार जैसी पॉश कॉलोनी में इस तरह की घटना सामने आना पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है। मुख्यमंत्री और डीजीपी राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशों के बाद भी चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री और इस्तेमाल रुक नहीं पा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ब्रजेश राय के चेहरे पर गहरी चोट है, जो किसी धारदार हथियार से किए गए हमले जैसी प्रतीत होती है। हालांकि यह चोट किसी चाकू या अन्य हथियार से नहीं बल्कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की तेज धार से लगी है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि तमाम चेकिंग और अभियानों के बावजूद पतंगबाजों पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है।